बड़ी खबर — बिहार चुनाव में सरदारशहर के कांग्रेस नेता को मिली अहम जिम्मेदारी

सरदारशहर। कांग्रेस पार्टी ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सरदारशहर के कांग्रेस नेता मोहम्मद आरिफ भाटी को पटना जिले की विधानसभा सीटों पर पार्टी ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने पार्टी संगठन में उनकी लंबे समय से सक्रिय भूमिका और संगठनात्मक दक्षता को देखते हुए यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
जिम्मेदारी मिलने पर उत्साह व्यक्त करते हुए आरिफ भाटी ने कहा —
“बिहार में इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी। कांग्रेस की स्थिति बेहद मजबूत है। पटना सहित कई विधानसभा सीटों पर कांग्रेस बड़ी बढ़त के साथ जीत दर्ज करेगी। भाजपा और जेडीयू के एनडीए गठबंधन को जनता इस बार करारा जवाब देगी।”
भाटी की नियुक्ति को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरदारशहर और आसपास के क्षेत्रों में गर्व का विषय बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राजस्थान से कांग्रेस के अनुभवी कार्यकर्ताओं को बिहार चुनाव में उतारना संगठन के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा।
सूत्रों के अनुसार, आरिफ भाटी जल्द ही पटना जिले में चुनावी तैयारियों और रणनीति निर्माण के लिए कार्यकर्ताओं से बैठक करेंगे। पार्टी हाईकमान ने उनसे बिहार में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए ज़मीनी रिपोर्ट और प्रचार अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी सौंपी है। इस नियुक्ति के साथ ही सरदारशहर से एक बार फिर कांग्रेस नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर हो गई है।








