सरदारशहर के वार्ड 18 जीवणसिंह नगर से बुधवार शाम को हुई गाय चोरी मामले में पुलिस ने करवाई करते हुए शुक्रवार को गाय चोरी करने वाली तीन महिलाओं सहित पांच जनों को तारानगर रोड से गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने गाय को बरामद कर लिया है और मामले में एक पिकअप को भी जप्त किया गया है। सरदारशहर पुलिस थाने के एएसआई हिम्मतसिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड 18 जीवणसिंह नगर निवासी ओमप्रकाश ब्राह्मण ने गुरुवार को गाय चोरी होने का मामला दर्ज करवाया था। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साहवा निवासी 48 वर्षीय जगदीश पुत्र तिलोकचंद नाइ, 30 वर्षीय सतु पुत्र बीरूराम बावरी, 30 वर्षीय चमेला उर्फ चिंदी पत्नी सतु बावरी, 60 वर्षीय नासु उर्फ नासुडी पत्नी करनेल बावरी और 35 वर्षीय कांता उर्फ कानकी पत्नी राजेश बावरी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से गाय बरामद कर गाय मालिक ओमप्रकाश ब्राह्मण को सुपुर्द कर दी गई है और आरोपियों के पास से एक पिकअप को भी जप्त किया गया है। वही अब आरोपियों से अनुसंधान किया जा रहा है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायालय के आदेश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वही मामले में गिरफ्तार दो महिला और एक पुरुष पर पहले भी अलग-अलग थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
