विकसित भारत के संकल्प में महिलाओं की भागीदारी अहम : राठौड़

विकसित भारत के संकल्प में महिलाओं की भागीदारी अहम : राठौड़

Spread the love

चूरू। पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कहा है कि विकसित भारत के संकल्प में महिलाओं की भागीदारी अहम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं के सम्मान को बढ़ाते हुए नारी वंदन विधेयक लाकर इस संकल्प में उनकी भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ किया है। पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी व चूरू प्रधान दीपचंद राहड़ ने बुधवार को चूरू पंचायत समिति सभागार में स्वयं सहायता समूह सखी सम्मान समारोह ‘शक्ति वंदन‘ में राजीविका महिलाओं का सम्मान किया। इस दौरान उप प्रमुख महेन्द्र न्यौल, एसडीएम अनिल कुमार, एसीईओ दुर्गा ढाका, डॉ वासुदेव चावला, बंसत शर्मा सहित अतिथि मंचस्थ रहे। महिलाओं का सम्मान करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राठौड़ ने कहा कि महिलाएं अनादिकाल से पूजनीय हैं। इतिहास साक्षी है कि यदि जीजाबाई नहीं होतीं तो शिवाजी छत्रपति नहीं होते। महात्मा गांधी ने स्वीकार किया है कि यदि कस्तूरबा नहीं होतीं तो वे अपने आंदोलनों को इतनी ऊंचाई नहीं दे पाते। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाएं अधिक सक्षम और समृद्ध होकर प्रत्येक क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं। महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में प्रधानमंत्री मोदी ने 33 प्रतिशत सीटें लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षित करने का ऎतिहासिक कदम उठाया है।

हरियाणा से प्रधानमंत्री मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरूआत कर कुरीतियों व रूढ़ियों से मुक्त समाज का सपना देखा है तथा बेटियों व महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। आज हम समाज में महिलाओं की स्थिति का बदला हुआ स्वरूप देख रहे हैं। आज ड्रोन दीदी के कॉन्सेप्ट के साथ महिलाएं ड्रोन के माध्यम से इन्सेक्टिसाइड व पेस्टिसाइड के छिड़काव के साथ उन्नत कृषि कार्यों से परिवार का सहारा बनेंगी। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के 25 करोड़ गरीब परिवार गरीबी से ऊपर उठे हैं। लोगों के जीवन स्तर में व्यापक बदलाव हुए हैं। इसी के साथ पीएम आवास योजनान्तर्गत देश के 3 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के आवास मुहैया करवाए गए हैं। महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने की सोच के साथ उज्ज्वला योजना में उन्हें मुफ्त गैस सिलेण्डर प्रदान किए गए, वहीं राज्य सरकार ने प्रदेश के 76 लाख परिवारों को 450 रुपए में सिलेण्डर उपलब्ध करवाकर संबल देने का काम किया है।

पीएम मुद्रा योजना व एमएसएमई की रिपोर्ट के अनुसार ऋण लेकर स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनकर देश की अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण में 60 प्रतिशत महिलाओं ने अपनी भागीदारी निभाई है। राजीविका के लखपति दीदी कार्यक्रम से देश की 3 करोड़ महिलाओं के साथ प्रदेश की 5 लाख महिलाओं के जीवन स्तर में व्यापक सुधार होगा एवं देश की अर्थव्यवस्था में सहयोग मिलेगा। जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि देश की आधी आबादी कही जाने वाली महिला शक्ति ने जब ठान लिया तो किसी भी काम में सफलता निश्चित हो जाती है। राजीविका के माध्यम से महिलाओं ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बहुत प्रगति की है। सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ उठाते हुए महिलाएं विकसित भारत के संकल्प में अग्रणी भूमिका निभाएंगी। विशिष्ट अतिथि डॉ वासुदेव चावला ने कहा कि हमारी संस्कृति व शास्त्रों में भी सुख-समृद्धि व वैभव के लिए नारी शक्ति व मातृ शक्ति को आराध्य बताया गया है। केंद्र एवं राज्य सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में अभूतपूर्व काम किया है। पीएम ने महिलाओं के सम्मान के लिए हर घर में शौचालय निर्माण की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिलाओं को संबल प्रदान करने के लिए उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 450 रुपए में सिलेण्डर मुहैया करवाए हैं।विशिष्ट अतिथि प्रधान दीपचंद राहड़ ने कहा कि पीएम मोदी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर रोजगार देने के साथ-साथ अनेकों योजनाओं के संचालन किया है। इसी के साथ शक्ति वंदन कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को सम्मान व राजीविका के माध्यम से संबल प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर उप प्रमुख महेन्द्र न्यौल व बंसत शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। एसीईओ दुर्गा ढाका ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में राज्य स्तर पर सम्मानित राजीविका महिला स्वयं सहायता समूह सदस्य राजनंदिनी कंवर व रेखा ने अपने अनुभव बताए। राजनंदिनी ने बताया कि सामान्य व गरीब परिवार से होने के बावजूद प्रबल इच्छाशक्ति व राजीविका के सहयोग से वे आत्मनिर्भर हैं। जिला प्रशासन के द्वारा चलाए गए कम्प्यूटर सखी कार्यक्रम से कम्प्यूटर प्रशिक्षण मिलने पर उनका काम आसान हुआ है और उनकी कार्य कुशलता में वृद्धि हुई है। रेखा ने बताया कि करीब 7 साल पहले राजीविका के सहयोग से बैंक सखी का काम शुरू किया और फिर उन्हें बैंक बीसी का काम मिला। अब वे अपने काम से घर खर्च भी आसानी से चला लेती हैं व बच्चों की पढ़ाई का खर्चा निकालकर एक अच्छी आमदनी भी हो जाती है। उनके परिवार को राजीविका से संबल मिला है, वहीं समाज में उनकी प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राठौड़, जिला कलक्टर सत्यानी, उप प्रमुख महेन्द्र न्यौल, एसडीएम अनिल कुमार, एसीईओ दुर्गा ढाका, वासुदेव चावला व बंसत शर्मा ने राजीविका सदस्य राजनंदिनी कंवर, कमलेश कंवर, छोटू देवी, कविता शर्मा, मंजू देवी, संगीता, गुड्डी देवी, किरण देवी, उमावती, मुकेश कंवर सहित उपस्थित सभी राजीविका महिलाओं को पारितोषिक भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर एसीईओ दुर्गा ढाका ने बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई।इस दौरान ब्लॉक विकास अधिकारी प्रवीण सोनी, अशोक ढाका, सहायक निदेशक (जनसम्पर्क) कुमार अजय, सहायक विकास अधिकारी सोहनलाल धायल, सहायक विकास अधिकारी गिरधारी लाल दहिया, एपीआरओ मनीष कुमार, ताराचंद भांभू, सरपंच बलबीर ढाका, जंगशेर खां, गोपाल बालान, शेर सिंह, सुशील लाटा, शिवसिंह चौहान जसरासर, कपिल भाटी, पूनम सिसोदिया, अनिल जोईया, ज्योति बागड़ी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

!Alert