सरदारशहर। शहर के मेगा हाईवे पर मोटर मार्केट के पास शुक्रवार शाम बोलेरो गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार एक जाने की मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और घायल को ऑटो की सहायता से कस्बे के राजकीय अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सा कर्मियो ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे का उपचार शुरू किया। सूत्रों के अनुसार राणासर बीकान निवासी महेंद्र 42 पुत्र जीतू राम भार्गव व श्याम 25 पुत्र जयचंद जोशी बाइक में सवार होकर अपने गांव राणासर बीकान जा रहे थे। मोटर मार्केट के पास सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी के चालक ने तेज गति एवं लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। जिसके कारण बाइक सवार महेंद्र भार्गव की मौत हो गई। वहीं हादसे में एक घायल हो गया। जिसका इलाज राजकीय अस्पताल में चल रहा है। तीन भाइयों में सबसे बड़ा महेंद्र के तीन लड़की व एक लड़का है। परिवार के लोग मजदूरी करते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस राजकीय अस्पताल पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। इसके बाद मृतक के शव को राजकीय अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया हैं।